चंदौली में 1.25 करोड़ का गांजा बरामद, झारखंड का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ANTF गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कंटेनर के गुप्त चेंबर से 120 बंडल गांजा बरामद


रिपोर्ट : मदन मोहन चंदौली। नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) गाजीपुर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर एक कंटेनर से 2 कुंतल 51 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंग कुमार सिंह (29 वर्ष), निवासी बोकारो, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कंटेनर के जरिए झारखंड से गांजा लेकर रामनगर क्षेत्र में डिलीवरी के लिए पहुंचा था।


गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा था गांजा


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झारखंड से एक कंटेनर संख्या UK 06 CB 5283 में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ANTF गाजीपुर और अलीनगर पुलिस ने कटरिया सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। वाहन की प्रारंभिक तलाशी में कुछ खास नहीं मिला, लेकिन गहन जांच के दौरान ड्राइवर केबिन के ऊपरी हिस्से में एक गुप्त चेंबर बना मिला। चेंबर खोलने पर आठ प्लास्टिक की बोरियों में रखे 120 बंडल गांजा बरामद हुए। मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 251.2 किलो गांजा, एक कंटेनर, रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन, विभिन्न पहचान व एटीएम कार्ड तथा 900 रुपये नकद बरामद किए हैं।


वाराणसी के रामनगर में होनी थी डिलीवरी


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा झारखंड के बोकारो निवासी मंटू सिंह ने कंटेनर में लोड करवाया था। इसे वाराणसी के रामनगर के पास किसी स्थानीय तस्कर को पहुंचाना था। डिलीवरी के बदले उसे रकम मिलने वाली थी।


एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज


मामले में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 586/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम


अलीनगर पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह (चौकी प्रभारी जफरपुर), हेड कांस्टेबल रामराज और कांस्टेबल अखिलेश सिंह शामिल रहे। वहीं ANTF गाजीपुर टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख, हेड कांस्टेबल संजय सिंह रजावत, कांस्टेबल जयन्त सिंह, शिवांश राय, देवानन्द तथा चालक कांस्टेबल इन्द्रपाल सिंह शामिल रहे।

ये भी पढ़िए