जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली रेलवे स्टेशन निवासी 35 वर्षीय ओम प्रकाश शर्मा की रविवार दोपहर तेज बारिश और गर्जन के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना रविवार की दोपहर लगभग दो बजे की बताई जा रही है। ओम प्रकाश शर्मा पुत्र श्रीचन्द्रमणि शर्मा अपने खेत के पाही पर जा रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम बदला और तेज गर्जन के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली के चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर विंढमगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि ओम प्रकाश शर्मा अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती करके अपना एवं परिवार का गुजारा चलाते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं, जो सभी अविवाहित हैं। परिवार में उनकी अचानक हुई मौत से परिजनों सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

