दुद्धी, सोनभद्र। ऑपरेशन शुद्धि के तहत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुद्धी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हाथीनाला-दुद्धी मार्ग पर रजखड़ घाटी में ढलान मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलटे एक ट्रक से भूसी की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही 4297 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
20 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ म्योरपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हाथीनाला-दुद्धी मार्ग स्थित रजखड़ घाटी में एक ट्रक संख्या JK05G3831 अनियंत्रित होकर पलट गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भूसी के बीच छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां और प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं।
तलाशी में 277 पेटियों एवं 100 प्लास्टिक बोरियों में कुल 15,680 बोतल, कुल 4297 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। हादसे के बाद चालक और अन्य व्यक्तियों की तलाश की गई, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 265/2026, धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस एवं धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी: एक ट्रक, 277 पेटियों व 100 प्लास्टिक बोरियों में 15,680 बोतल यानी 4297 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब तथा एक मोबाइल फोन। बरामद शराब व ट्रक की कुल अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह, कांस्टेबल सुनील सरोज एवं कांस्टेबल जसवंत सिंह शामिल रहे।
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी,

