आबकारी निरीक्षक की जांच पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग को सौंपा पत्र

सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को आबकारी कार्यालय पहुंचकर आबकारी अधिकारी को पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार साव द्वारा मोर्चा संयोजक के संबंध में की गई जांच और लगाए गए कथित आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा शिकायतकर्ता की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के अनुसार, आबकारी निरीक्षक उनके घर पहुंचे और उनके माता-पिता से उनके द्वारा कथित रूप से नशे का कारोबार किए जाने की बात कही। इस संबंध में घरवालों के फोन से जब निरीक्षक से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच के लिए आए थे। संदीप मिश्र का कहना है कि जांच के बाद निरीक्षक ने उनसे बातचीत में बताया कि जांच के दौरान ऐसी कोई बात सामने नहीं आई।
मोर्चा संयोजक के मुताबिक, जब उन्होंने शिकायतकर्ता का नाम पूछा तो निरीक्षक ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए नाम बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद सोमवार को आबकारी अधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत की सत्यता की जांच करने तथा शिकायतकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि जल, जंगल, जमीन और विंध्य एक्सप्रेस-वे से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन किए जाने के कारण उन्हें और उनके परिवार को परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन सोनभद्र के पर्यावरण, स्थानीय लोगों के अधिकार और किसानों की आजीविका से जुड़े मुद्दों को लेकर है तथा वे इन विषयों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, संजय बियार, दिनेश चेरो, सुरेश खरवार, अरविंद पटेल और रोहित मौर्य सहित अन्य लोग शामिल रहे।

ये भी पढ़िए