‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में उमड़ी जनभागीदारी, प्लास्टिक बिक्री से मिले ₹2,500 मंदिर के रखरखाव के लिए किए गए समर्पित
सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकासखंड राबर्ट्सगंज स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने स्वयं करीब 45 मिनट तक श्रमदान कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र से करीब 1000 किलोग्राम प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र किया गया। एकत्रित प्लास्टिक को मौके पर ही कबाड़ी को विक्रय किया गया, जिससे ₹2,500 की धनराशि प्राप्त हुई। जिलाधिकारी की पहल पर इस धनराशि को मंदिर के रखरखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए मंदिर में ही समर्पित कर दिया गया।

स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं आमजन को कूड़े के उचित निस्तारण के लिए सुविधा उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना है। प्रशासन के साथ आमजन की भागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का निर्माण संभव है। अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय कार्मिक एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

