करमा, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के बसवा गांव में रविवार रात करीब 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार बसवा गांव निवासी सरोज यादव (32), पुत्र नंदलाल यादव रात में खाना खाने के बाद सो गए थे। परिजनों के मुताबिक रात में उन्हें कुछ काटने जैसा महसूस हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद परिजन उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद परिजन रात में ही उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजन इसके बावजूद संतुष्ट नहीं हुए और सरोज को लेकर चुनार पहुंचे, जहां चिकित्सक ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी ममता और छोटे बच्चे हिमांशू व प्रियांशू का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों के मुताबिक दोनों बच्चे और उनकी मां कई बार बेसुध हो जा रहे थे।
युवक की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

