NH-39 पर चेचिस की टक्कर से बाइक सवार की मौत

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी,सोनभद्र तहसील अन्तर्गत विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोलिनडूबा में नेशनल हाईवे-39 पर मेदनी खांड लैम्पस के सामने चेचिस और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 पर पकड़ लिया गया।
कोलिनडूबा निवासी बंधु राम ने बताया कि चेचिस और बाइक दोनों विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रहे थे। वह सड़क किनारे मवेशियों को चारा दे रहे थे, तभी तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति सड़क पर गिरा मिला। ग्रामीणों को बुलाया गया, इसी बीच चेचिस चालक निकल गया। बाद में ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से चेचिस को गेट नंबर 50 पर रोक लिया गया।
चेचिस चालक प्रिंस कुमार का कहना है कि बाइक पहले कार से टकराई, फिर फिसलकर चेचिस के पिछले पहिये की चपेट में आ गई।
मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर अगस्त कुमार पुत्र राजेंद्र राम, निवासी धनराडीह, मकड़ी, भवनाथपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक संख्या UP64 AV 2936 को कब्जे में ले लिया है।
सूचना पर विंढमगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी भेजा गया है। पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़िए