दुद्धी से रेस्क्यू आठ दिन की नवजात को डीएम ने गोद में लेकर दिया नाम, ‘कीर्ति’ से शुरू होगी नई जिंदगी

सिर्फ आश्रय नहीं, सुरक्षित बचपन और अपनापन देने की पहल; प्रशासन ने बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी उठाई


सोनभद्र,। दुद्धी क्षेत्र से रेस्क्यू की गई महज आठ दिन की नवजात बच्ची के लिए शुक्रवार का दिन नई पहचान और नई उम्मीद लेकर आया। वन स्टॉप सेंटर एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नन्ही बच्ची को गोद में लेकर उसका नामकरण किया और उसे ‘कीर्ति’ नाम दिया। इस भावुक पल के दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच संवेदनशील माहौल बन गया।
जिलाधिकारी शुक्रवार को वन स्टॉप सेंटर एवं दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने दोनों संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, कर्मचारियों की तैनाती और बच्चों की देखभाल का जायजा लिया। दत्तक ग्रहण इकाई में वर्तमान में दो नवजात बच्चे आवासित मिले। इनमें एक बच्ची गौरी जनवरी 2026 से इकाई में रह रही है, जबकि दुद्धी क्षेत्र से करीब छह दिन पूर्व रेस्क्यू की गई लगभग आठ दिन की नवजात बच्ची को भी यहां सुरक्षित रखा गया है।
बच्चों की देखभाल में नहीं रहेगी कोई कमी
नन्ही बच्ची का नामकरण करने के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों की देखभाल में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य केवल बच्चों को आश्रय देना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण, अपनापन, स्नेह और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों की जरूरतों और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सोलर सिस्टम और किचन गार्डन से बेहतर होंगी सुविधाएं
‘कीर्ति’ समेत यहां रह रहे बच्चों के लिए परिसर को और सुविधाजनक बनाने की दिशा में भी प्रशासन ने कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने भवन में सोलर सिस्टम, किचन गार्डन और परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य सीएसआर के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। वहीं कार्यदायी संस्था डूडा को भवन की आवश्यक मरम्मत और अधूरे कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। वन स्टॉप सेंटर में केंद्र प्रशासक समेत कुल 12 कार्मिक कार्यरत हैं, जिनमें सात मौके पर उपस्थित मिले, जबकि अन्य शिफ्टवार ड्यूटी पर तैनात हैं। दत्तक ग्रहण इकाई में अधीक्षिका समेत कुल 10 कार्मिक कार्यरत हैं। इनमें चार मौके पर मौजूद मिले और शेष शिफ्टवार ड्यूटी कर रहे हैं। पुलिस विभाग की ओर से एक महिला आरक्षी भी तैनात है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक दीपिका सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
‘कीर्ति’ का नामकरण महज औपचारिकता नहीं, बल्कि संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों को सुरक्षा, स्नेह और सम्मान के साथ बेहतर बचपन देने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता का संदेश बना।

ये भी पढ़िए