26 सितंबर को सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद, डीएम चर्चित गौड़ ने जारी किए निर्देश
सोनभद्र। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 26 सितंबर 2026 को प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद सोनभद्र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने 26 सितंबर को जनपद के सभी स्कूल-कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। 26 सितंबर को किसी भी स्कूल या कॉलेज का संचालन नहीं होगा।
मौसम पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को भी आवश्यक सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने भारी वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही लोगों से बारिश के दौरान नदी, नाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

