सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नेशनल प्रोग्राम फॉर हेल्थ केयर एल्डर्ली (NPHCE) के तहत वृद्धाश्रम छपका, राबर्ट्सगंज में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए और उनके स्वास्थ्य व सुविधाओं की जानकारी ली।
शिविर का आयोजन अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. बुलाब शंकर की अध्यक्षता में हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों की बीपी, शुगर और आंखों समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया।
जनरल फिजिशियन डॉ. गणेश प्रसाद ने वृद्धजनों को हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। बीपी अथवा शुगर की समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित दवा का सेवन करना चाहिए और अनावश्यक चिंता से बचना चाहिए।
डॉ. बुलाब शंकर ने बताया कि शासन की ओर से वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नेशनल प्रोग्राम फॉर हेल्थ केयर एल्डर्ली संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य इकाइयों पर वृद्धजनों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा दी जा रही है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में बुजुर्गों के लिए जिरियाट्रिक वार्ड की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के तहत जिला संयुक्त चिकित्सालय (मेडिकल कॉलेज), लोढ़ी में 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की जांच की जाती है।
शिविर में डॉ. अभिषेक पाण्डेय, डॉ. राजकुमार, फार्मासिस्ट सुष्मा सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट करिश्मा एवं नितेश साहू, स्टाफ नर्स श्वेता सिंह, सपना कन्नौजिया, महेन्द्र साहू, काउंसलर अवनीश मिश्रा, फाइनेन्स कम लॉजिस्टिक कंसल्टेंट राहुल कुमार कन्नौजिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिकों ने सेवाएं प्रदान कीं।

