जेनेरेटर के 13 चोरी के पार्ट और ₹2 हजार नकद बरामद, आरोपियों को न्यायालय भेजा
सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस ने चोरी के दो मामलों में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेनेरेटर के 13 पार्ट और ₹2,000 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान 01 अक्टूबर 2026 को भोर करीब 1:43 बजे पुलिस टीम ने बग्घा नाला, ओबरा स्लिप रोड कट के पास से तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विमलेश साहनी (24), रामप्रित साहनी (26) और उदयनारायण साहनी (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी थाना चोपन में दर्ज चोरी के दो मुकदमों में वांछित थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए जेनेरेटर के कुल 13 पार्ट तथा ₹2,000 नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश, उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी सहित थाना चोपन पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।

