मतदान दिवस पर लगातार भ्रमणशील रहकर निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखें सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट : जिला निर्वाचन अधिकारी
मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ कराने के निर्देश
सोनभद्र : उत्तर प्रदेश विधान परिषद निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं जोनल मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मतदान दिवस से पूर्व अपने निर्धारित क्षेत्रों एवं मतदेय स्थलों का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण सुनिश्चित कर लें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील रहकर निर्वाचन प्रक्रिया का जायजा लेते रहें तथा मतदान से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूर्ण कराते हुए निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ कराया जाए तथा मतदान प्रारंभ होने की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, पोलिंग एजेंटों को प्रवेश पास जारी करने, उनकी उपस्थिति में मतपेटी तैयार करने तथा मतदान अभिकर्ताओं के बैठने की निर्धारित प्राथमिकता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही निर्देशित किया गया कि पोलिंग एजेंट निर्वाचक नामावली की चिन्हित प्रति मतदान समाप्ति तक मतदेय स्थल से बाहर नहीं ले जाएंगे। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वागीश कुमार शुक्ला, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री जगरूप पटेल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री रमेश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

