बभनी/सोनभद्र(अरुण पांडेय)बभनी (सोनभद्र)विकास खंड बभनी के ग्राम पंचायत सतबहनी और बजिया में सड़क पेंटिंग (मरम्मत) कार्य में ठेकेदारों की मनमानी और घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। गुणवत्ता और मानकों को ताक पर रखकर कराए जा रहे इस निर्माण कार्य से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार मानकों की धज्जियां उड़ाते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहे हैं। अधिकारियों की हिदायत का भी उन पर कोई असर नहीं हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?
सतबहनी की सड़क: ग्राम पंचायत सतबहनी में लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर पेंटिंग का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में तय नियमों का पालन बिल्कुल नहीं किया जा रहा है।
बजिया में भी धांधली: इसी प्रकार ग्राम पंचायत बजिया में भी सड़क पेंटिंग के दौरान मानकों की अनदेखी की जा रही है।
दोनों गांवों के निवासियों ने जिलाधिकारी सोनभद्र का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए जारी कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकवाने और जांच कराकर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
’अधिकारियों के आदेश भी बेअसर’
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी द्वारा कार्य रोकने की सख्त हिदायत दिए जाने के बावजूद ठेकेदारों की मनमानी जारी है और वे धड़ल्ले से घटिया काम करा रहे हैं।
अधिकारी का पक्ष:
”दोनों स्थलों के ठेकेदारों को तत्काल काम रोकने और मानक व गुणवत्ता के अनुसार ही कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। कल स्वयं मौके पर जाकर पूर्व में हुए कार्य की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आगे का काम कराया जाएगा।”
संतोष मौर्या, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग।


