25 हजार का इनामी शातिर अपराधी गिरफ्तार, चोपन पुलिस को मिली बड़ी सफलता

मध्य प्रदेश बॉर्डर के पास भरहरी से दबोचा गया वांछित अभियुक्त, चोरी समेत पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज

सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू जायसवाल पुत्र स्वर्गीय रामचन्द्र जायसवाल निवासी जवारीडाड़ गुरमा, थाना चोपन, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 04 नवंबर 2026 को मध्य प्रदेश बॉर्डर के पास भरहरी, थाना जुगैल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित एवं इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में चोपन पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त थाना चोपन में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 360/2026 में वांछित चल रहा था। इस मामले में उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 303(2), 317(2) एवं 317(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।


पांच आपराधिक मुकदमे हैं दर्ज


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना चोपन में वर्ष 2026 एवं 2025 के तीन मुकदमे, थाना ओबरा में वर्ष 2024 का एक मुकदमा तथा थाना हाथीनाला में वर्ष 2020 का एक मुकदमा शामिल है।


इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका


गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना चोपन गोपाल जी गुप्ता, चौकी प्रभारी डाला उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अजय यादव, कांस्टेबल गोविन्द कुमार एवं कांस्टेबल उमेश तिवारी शामिल रहे। चोपन पुलिस की इस कार्रवाई को वांछित एवं इनामिया अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए