महिला सम्मान और सुरक्षा के लिए सोनभद्र पुलिस का बड़ा अभियान, बालिकाओं को सिखाए जा रहे आत्मरक्षा के गुर

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी सुश्री मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में पुलिस की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं तक पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं।
अभियान के तहत मिशन शक्ति की टीमें महिलाओं और छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा संचालित सहायता सेवाओं की जानकारी दे रही हैं। जागरूकता कार्यक्रमों में गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय बिना किसी भय और संकोच के पुलिस की सहायता लें। साथ ही उन्हें विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
साइबर अपराधों के प्रति भी किया जा रहा सतर्क
महिला सुरक्षा के साथ ही सोनभद्र पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर भी व्यापक जागरूकता अभियान चला रही है। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, बालिकाओं एवं आमजन को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से अवगत कराया जा रहा है।
इस दौरान ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी जा रही है। लोगों को विशेष रूप से आगाह किया जा रहा है कि वे अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड और व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस द्वारा साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in⁠� का उपयोग करने की जानकारी भी दी जा रही है।
इन हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी तत्काल सहायता
सोनभद्र पुलिस द्वारा महिलाओं एवं आमजन को आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में जागरूक किया जा रहा है। सोनभद्र पुलिस ने अपील की है कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाएं। वहीं आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई है। सोनभद्र पुलिस का संदेश है कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के माध्यम से ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

ये भी पढ़िए