सोनभद्र : शक्तिनगर पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद बस स्टैंड काली मंदिर के पास हुई लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया । आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए जेवरात और एक अवैध पिस्तौल बरामद की है।
शक्तिनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीते 15 नवंबर को थाना शक्तिनगर क्षेत्र में बस स्टैंड काली मंदिर के पास हुई लूट में शामिल और फरार चल रहा एक आरोपी हैलीपैड रोड पर झरना बस्ती के आगे मोड़ के पास मौजूद है। उसके पास अवैध हथियार और लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात भी होने की जानकारी मिली।
इस सूचना पर शनिवार की लगभग 01:10 बजे थाना शक्तिनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस टीम से घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक .32 बोर की पिस्तौल, दो खोखा कारतूस .32 बोर और लूटे गए जेवरात बरामद हुए। इन जेवरात में एक सफेद धातु की सिकड़ी, आठ जोड़ा पायल, एक पीस पायल, 13 पीस तावीज (पांच चौड़े डिजाइन और आठ गोलाकार), एक बच्चे का चुड़िला, नौ बिछिया, चार लाकेट (सभी सफेद धातु के), एक जोड़ा चार तल्ला झुमका, एक लाकेट और छह नाक की रिंग (सभी पीली धातु की) शामिल हैं।
गिरफ्तार घायल अभियुक्त की पहचान साजन पुत्र राजन, निवासी बस स्टैंड काली मंदिर के पास, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए सीएचसी अनपरा भिजवाया गया है, जहाँ वह उपचाराधीन है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त साजन द्वारा बताया गया कि इस लूट की योजना रोशन के घर पर बनाई गई थी, जहाँ वह, सोनू, रोशन व रोहित चारों उपस्थित थे। योजना के तहत रोहित का कार्य सोनार द्वारा दुकान बंद कर घर के लिए निकलते ही फोन के माध्यम से सूचना देना था।
घटना वाले दिन सोनार के दुकान बंद कर घर की ओर जाते समय रास्ते में रोशन व सोनू ने मिलकर उसे असलहा सटाकर भयभीत किया तथा जेवरात से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। लूट में प्राप्त हिस्से में से मुझे जो हिस्सा मिला था, वह यही है।अभियुक्त द्वारा यह भी बताया गया कि उक्त घटना के बाद रोशन व सोनू ने हम लोगों से कहा कि नगर उटारी, जिला गढ़वा (झारखण्ड) में भी इसी प्रकार की एक अन्य लूट की घटना कारित करनी है, किन्तु वह तथा रोहित उसमें नहीं गए।
रोशन व सोनू ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिनांक 29.11.2025 को नगर उटारी, जिला गढ़वा में एक सोनार के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें उनके द्वारा फायरिंग की गई थी तथा सोनार को गोली भी लगी थीपुलिस ने तीन अन्य फरार अभियुक्तों रोशन कुमार, सोनू और रोहित की तलाश मे जुटी हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष शक्तिनगर, चौकी प्रभारी बीना, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

