अनपरा, सोनभद्र। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अनपरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 178.92 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई है। शराब को हुंडई क्रेटा कार से ले जाया जा रहा था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में अनपरा पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मध्य प्रदेश की ओर से एक सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध अंग्रेजी शराब लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने औड़ी मोड़ टोला दुल्लापाथर, मध्य प्रदेश बॉर्डर के पास घेराबंदी की। सड़क किनारे सुनसान स्थान पर खड़ी क्रेटा कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कार की पिछली सीट से रॉयल स्टैग 750 एमएल की 36 बोतल और मैकडॉवेल 180 एमएल की 144 बोतल, जबकि डिग्गी से रॉयल स्टैग 375 एमएल की 336 बोतल बरामद हुईं। शराब की बोतलों पर ‘For Sale in Madhya Pradesh Only’ और ‘For Sale in Union Territory Chandigarh Only’ अंकित पाया गया। मौके से अजय कुमार सिंह उर्फ झगड़ू (47) निवासी कोईलखा, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह, झारखंड को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह किराये पर क्रेटा कार लेकर मध्य प्रदेश गया था और सिंगरौली स्थित सरकारी ठेके से शराब लोड कर बिहार बॉर्डर के किसी ढाबे पर बेचकर अधिक मुनाफा कमाने के इरादे से ले जा रहा था। आरोपी के पास शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब और वाहन के अलावा 1,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में थाना अनपरा पर मु0अ0सं0-196/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सच्चिदानंद दास, हेड कांस्टेबल गुड्डू बिन्द, कांस्टेबल रमेश और कांस्टेबल प्रवीण कुमार शामिल रहे।

