भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

18 वर्ष की उम्र पार कर चुके छात्र-छात्राएं मतदाता सूची में कराये अपना नाम दर्ज-जिला निर्वाचन अधिकारी

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की विशेष तिथियां 09 नवम्बर, 10 नवम्बर, 23 नवम्बर, 24 नवम्बर को अपने निर्धारित बूथ पर जाकर मतदाता सूची में कराये नाम दर्ज- जिला निर्वाचन अधिकारी

जनपद के माध्यमिक इण्टर कालेज, डिग्री कालेज में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु चलाया जाये जागरूकता अभियान, विद्यालयों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु बनाये जाये काउन्टर-जिला निर्वाचन अधिकारी

सोनभद्र : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2025 के आधार पर विधान सभा निर्वाचक क्षेत्र की नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री बी0एन0 सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर माॅ सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया, इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2025 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 29 अक्टूबर से 28 नवम्बर,2024 तक निर्धारित की गयी है, इसके लिए विशेष कैम्प का आयोजन 09 नवम्बर(शनिवार), 10 नवम्बर (रविवार), 23 नवम्बर (शनिवार), 24 नवम्बर2024 (रविवार),  की तिथियां निर्धारित की गयी है, उक्त तिथियों में कोई भी मतदाता अपने

मतदान केन्द्र पर जाकर अपना नाम में संशोधन, विलोपन, स्थानान्तरण का कार्य कर सकता है, मतदाता सूची में नये मतदाता अपना नाम भी दर्ज करा सकता है, ऐसे छात्र/छात्राएॅ जो अर्हता तिथि 01 जनवरी,2025 को अपनी 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा पूर्ण कर चुके हैं और जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, उनका नाम संबंधित मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए उन्हें जागरूक किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कालेज के एक कक्ष में ’’वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष’’ स्थापित किया जाये, जिसमें कालेज में उपलब्ध संसाधनों कम्प्यूटर, यूपीएस एवं इण्टरनेट कनेक्टिविटी इत्यादि का उपयोग करके अर्ह मतदाताओं का आॅन लाइन पंजीकरण कराया जाये। कालेज के सभी छात्र/छात्राओं से यह प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लें कि मेरे परिवार में 18 वर्ष की उम्र वाले सभी सदस्यों का मतदाता फोटो पहचान पत्र बन गया है तथा 01 जनवरी, 2025 को 18वर्ष की आयु पूर्ण कर रहें सदस्यों द्वारा निर्वाचक

नामावली में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म भरवाॅ लिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन 06 जनवरी, 2025 को किया जायेगा, आॅफ लाइन फार्म भरे जाने के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए कहा कि फार्म-6 जो व्यक्ति 01 जनवरी, 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेगें अथवा उससे अधिक आयु के हैं और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 में आवेदन करते समय मतदाता को अपना अद्यतन रंगीन पासपोर्ट साईज का फोटो लगाना अनिवार्य है। किसी प्रवासी निर्वाचक द्वारा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किए जाने के लिए आवेदन-फार्म-6क, निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किसी प्रविष्टि को विलोपित कराने के लिए फार्म-7 में आवेदन किया जा सकता है। विद्यमान निर्वाचक नामावली में मतदाता के निवास का स्थाांतरण, प्रविष्टियों का सुधार, बिना सुधार के ई0पी0आई0सी0 प्रतिस्थापन एवं दिव्यांगजन चिन्हांकन करने सम्बन्धी प्रविष्टियों के सुधार के लिए फार्म-8 में आवेदन किया जा सकता है।

यदि आवेदक अपनी फोटो बदलना चाहता है, तो हाल का एक अच्छी गुणवत्ता वाला पासपोर्ट आकार (4.5 से0मी0 3.5 से0मी0) का अहस्ताक्षरित रंगीन फोटो सफेद पृष्ठभूमि के साथ इसके लिए बने बाक्स में चिपकाना होगा। उन्होंने कहा कि उक्त फार्म सम्बन्धित अधिकारी के पास जमा किया जायेगा जैसे-सम्बन्धित पोलिंग बूथ के बूथ लेबिल अधिकारी के माध्यम से, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केन्द्र, तहसील के उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसील के तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किया जाना है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सहदेव कुमार मिश्र ने भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु विद्यालय के उपस्थित छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जो छात्र-छात्राएं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करायें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी राबर्ट्सगंज श्री उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनन्द पाण्डेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जगरूप सिंह पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह, आर0एस0एम0 इण्टर कालेज के प्राचार्य बृजेश कुमार सिंह, तहसीलदार श्री अमित कुमार, निर्वाचन कार्यालय के श्री सुनील श्रीवास्तव, श्री राजकुमार सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।

ये भी पढ़िए