चोपन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.20 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत थाना चोपन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मु0अ0सं0 319/2026 में वांछित अभियुक्त मो. अफजाल पुत्र मो. इकबाल, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, बाराबंकी, हेरोइन लेकर ट्रेन के माध्यम से सोनभद्र पहुंचा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी तलाश शुरू की। 24 सितंबर की सुबह करीब 5:50 बजे डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 49.20 ग्राम हेरोइन और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पूर्व से हेरोइन की सप्लाई करता है और सोनभद्र के कुछ लोगों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने आया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मणिपुर से कच्चा माल लाकर हेरोइन तैयार करने तथा जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर से मादक पदार्थ हासिल कर सप्लाई करने की बात भी बताई है। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका और तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चोपन में मु0अ0सं0 373/2026, धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बाराबंकी और अयोध्या समेत विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपालजी गुप्ता, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल सहित थाना चोपन के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

ये भी पढ़िए