साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अश्लील और चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो अपलोड करने वाले 2 गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील सामग्री और चाइल्ड पोर्नोग्राफी फैलाने वालों के खिलाफ साइबर थाना और साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो अधिक ‘व्यूज’ और आर्थिक लाभ पाने के उद्देश्य से इंटरनेट पर आपत्तिजनक वीडियो साझा कर रहे थे।

एनसीएमईसी पोर्टल से मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित ‘नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन’ (NCMEC) पोर्टल और साइबर ट्रिपलाइन प्रणाली के जरिए सोनभद्र में अश्लील वीडियो अपलोड करने संबंधी सूचनाएं मिली थीं। इन शिकायतों की जांच साइबर सेल द्वारा की गई, जिसमें दो संदिग्धों की पहचान हुई।

दो थानों की पुलिस ने की कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने स्थानीय थानों के सहयोग से छापेमारी की। पुलिस ने दुद्धी कस्बे से सैफ (पुत्र खजमुद्दीन, निवासी रामनगर) और ओबरा थाना क्षेत्र से राहुल कुमार (पुत्र रामकिशुन, निवासी गुरुद्वारा गली) को गिरफ्तार किया।

अधिक व्यूज और मुनाफे का था लालच

पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि उनका एक सोशल मीडिया ग्रुप है, जहां वे आपस में अश्लील वीडियो साझा करते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि वे इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर इन वीडियो को अधिक व्यूज पाने और आर्थिक लाभ कमाने के लिए अपलोड करते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से वह मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद कर लिए हैं, जिनका इस्तेमाल वीडियो अपलोड करने में किया जाता था। अभियुक्तों के खिलाफ थाना दुद्धी और थाना ओबरा में संबंधित धाराओं (भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट) के तहत अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सोनभद्र पुलिस की अपील


पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक या बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री को सोशल मीडिया पर न तो अपलोड करें, न शेयर करें और न ही फॉरवर्ड करें। ऐसा करना एक गंभीर साइबर अपराध है, जिसमें पकड़े जाने पर कठोर कानूनी सजा का प्रावधान है।

ये भी पढ़िए