दुद्धी में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, दो अस्पताल सील

संयुक्त छापेमारी में कई अनियमितताएं उजागर, मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवाल

दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)। नगर में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच मंगलवार को जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई अस्पतालों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दो निजी अस्पतालों को सील कर दिया गया, जबकि अन्य संस्थानों की भी गहन जांच की गई।
हाल के दिनों में घायल मरीज को निजी अस्पताल से मृत अवस्था में सरकारी अस्पताल भेजे जाने की घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। इसी क्रम में एसडीएम निखिल यादव, नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव तथा पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया।
सबसे पहले रेलवे स्टेशन रोड स्थित समृद्धि अस्पताल की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। स्टाफ से पूछताछ की गई और कुछ लोगों को आगे की जांच के लिए थाने ले जाया गया।
इसके बाद टीम ने सेवा सदन अस्पताल और शिवा अस्पताल का निरीक्षण किया। शिवा अस्पताल में मरीज भर्ती मिले, लेकिन प्रशासन को इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। जांच में ऑपरेशन थिएटर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला, जिस पर ओटी को तत्काल सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान इंडियन बैंक के सामने संचालित एक अनधिकृत अस्पताल भी प्रशासन के रडार पर आया। अस्पताल बाहर से बंद मिला। ताला खुलवाकर अंदर प्रवेश करने पर एक बीमार बच्चा भर्ती मिला। अस्पताल का संचालन बिना आवश्यक अनुमति के पाए जाने पर उसे भी सील कर दिया गया।
अस्पताल में भर्ती गरीब आदिवासी बच्चे को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया। बच्चे की मां भावुक हो गई। एसडीएम निखिल यादव ने सीएचसी अधीक्षक को बच्चे के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
संयुक्त जांच दल में सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम, एसआई अमित कुमार सिंह, बीपीएम संदीप सिंह सहित स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना मानक संचालन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी निजी अस्पतालों की जांच कर आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए