सोनभद्र में संचारी रोगों पर बड़ा प्रहार: गांव-गांव चला स्वच्छता महाअभियान, घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीम

सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक साफ-सफाई, जनजागरूकता और घर-घर स्वास्थ्य जांच का व्यापक अभियान जारी है, जिससे संक्रामक और मच्छरजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष माइक्रोप्लान के तहत अभियान चलाकर झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, चबूतरों का निर्माण तथा शौचालय निर्माण जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों और सफाई कर्मचारियों की संयुक्त टीम लोगों को स्वच्छता और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के तहत अब तक 1,895 विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, 257 ग्रामों में प्रभात फेरियां तथा 266 ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा 1,172 स्थानों पर झाड़ियों की सफाई, 1,137 हैंडपंपों की मरम्मत, 468 चबूतरों का निर्माण, 329 शौचालयों का निर्माण, 640 ग्रामीण एवं 676 शहरी नालियों की सफाई तथा 60 शहरी वार्डों में फॉगिंग कराई गई है। साथ ही सूकर पालकों के संवेदीकरण और कृतंक नियंत्रण संबंधी अभियान भी चलाया जा रहा है।
दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बुखार, मलेरिया, डायरिया, क्षय रोग, कुष्ठ, कालाजार और खांसी-जुकाम जैसे लक्षणों वाले मरीजों का चिन्हीकरण कर रही हैं। बुखार से पीड़ित लोगों की आरडीटी किट से जांच कराई जा रही है तथा मलेरिया के मरीजों का समयबद्ध उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक 137 आईएलआई (खांसी-जुकाम) तथा 95 संभावित टीबी मरीजों को चिन्हित कर जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को भेजा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा बुखार, खांसी, जुकाम, डायरिया या अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराएं। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

ये भी पढ़िए