चंदौली में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद: ₹61 लाख की बीयर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

(मदन मोहन)चंदौली: जनपद की चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से ₹61 लाख कीमत की भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद की है। मामले में राजस्थान के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो भूसी की आड़ में इस अवैध खेप को बिहार ले जा रहे थे।

ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर ले जा रहे थे खेप

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, चंदौली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे के रास्ते अवैध शराब की एक बड़ी खेप बिहार की ओर जा रही है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने नवीन मंडी चौकी के सामने घेराबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक (MH18BG7712) को रोक लिया।
शुरुआत में तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बताया कि ट्रक में भूसी लदी है, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से तलाशी ली तो भूसी के बोरों के पीछे छिपाकर रखी गई 1210 पेटी ‘हावर्ड 500’ ब्रांड की अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद हुई। पकड़ी गई बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹61 लाख आंकी गई है।
प्रति चक्कर ₹50,000 की कमाई
पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान मूला राम और हितेन्द्र कुमार(दोनों निवासी बाड़मेर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे इस खेप को पंजाब से लोड कर बिहार के औरंगाबाद ले जा रहे थे। इस अवैध काम को अंजाम देने के एवज में उन्हें प्रति चक्कर ₹50,000 का भुगतान किया जाता था।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उप-निरीक्षक रावेन्द्र सिंह, रामाशंकर यादव तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। इसके अलावा, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस टीम के आशीष मिश्रा व उनकी टीम का भी विशेष सहयोग रहा।
पुलिस ने ट्रक और शराब जब्त कर अभियुक्तों के खिलाफ चंदौली थाने में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है।
चंदौली पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई तस्करी के नेटवर्क पर करारी चोट मानी जा रही है ।

ये भी पढ़िए