ओबरा: खैराही के कोयलिया नाले में गिरी बाइक, 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

rओबरा (रँगेश सिंह)सोनभद्र : थाना ओबरा क्षेत्र के अंतर्गत खैराही स्थित पानी टंकी के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओबरा की ओर जा रहा एक 30 वर्षीय युवक अनियंत्रित होकर अपनी बाइक समेत गहरे नाले में जा गिरा। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
कोयलिया नाला बना मौत का कुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सुबह के समय बाइक से ओबरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह खैराही पानी टंकी के पास स्थित कोयलिया नाले के पास पहुंचा, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बाइक सवार खुद को संभाल नहीं पाया और सीधे नाले में जा गिरा।
मौके पर ही थम गई सांसें
हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची ओबरा थाना पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
छाया मातम
मृतक की पहचान रामबरन के रूप में हुई है (उम्र लगभग 30 वर्ष)। घर से ओबरा के लिए निकला युवक अपनी मंजिल तक पहुंच पाता, उससे पहले ही रास्ते में काल के गाल में समा गया। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

ये भी पढ़िए