अनपरा : थाना क्षेत्र के लैंको गेट नंबर 2 के पास बेकाबू ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दवा विक्रेता की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारू कराया। नगर के वार्ड नंबर 20 निवासी आशीष जायसवाल उम्र 34 की अनपरा बाजार में दवा की दुकान है। बुधवार को वह दुकान के लिए डिबुलगंज स्थित एजेंसी से दवा लेने गए थे।
लौटते समय लैंको गेट नंबर 2 के पास ब्रेकर से आगे बढ़ते ही पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे आशीष का सिर कुचलते हुए ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर ही आशीष की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। आशीष का परिवार मूल रूप से विंढमगंज का रहने वाला है। उनके पिता विनोद जायसवाल एनसीएल ककरी परियोजना से दस वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे।
नगर के वार्ड नंबर 20 में स्थित आवास में परिवार रहता है। अनपरा बाजार के सिनेमा रोड पर उनकी मेडिकल स्टोर की दुकान है। घटना के बाद पिता विनोद का रो-रोकर बुरा हाल था।

