लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को गुजरात के गोधरा कांड पर बनी फिल्म द साबरमती रिपोर्ट देखेंगे। शहीद पथ स्थित फिनिक्स पलासियो मॉल में फिल्म का सुबह 11.30 बजे विशेष शो रखा गया है। सीएम के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी भी फिल्म देखेंगे। यह फिल्म 15 नवंबर को रिलीज हुई थी। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। फिल्म में विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म करने के बाद विक्रांत ने कहा कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं। यह फिल्म गुजरात में 2002 में कारसेवकों से भरी साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगाए जाने की घटना पर आधारित है।
रामकथा में पहुंचे सीएम योगी
दो दिवसीय भ्रमण पर बुधवार की शाम को देवीपाटन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म भारत का प्राण है। भारत की आत्मा है। भारत का आधार है। इसके बगैर भारत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। सनातन धर्म कमजोर होगा तो भारत कमजोर होगा। सनातन धर्म पर आघात होगा तो यह आघात भारतवासियों पर होगा। भारत कमजोर होगा तो विश्व में मानवता के खिलाफ संकट खड़ा होगा। ऐसे में सनातन धर्म को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। यह हर किसी की जिम्मेदारी है।
शक्तिपीठ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ की पुण्यतिथि पर आयोजित रामकथा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म किसी भाषा या क्षेत्र से दूरी बनाने की बात नहीं करता है। वह सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया के सपने को साकार करता है। एक साथ बोलने, एक साथ सोचने और एक साथ चलने की प्रेरणा देता है। एक साथ सभी कार्यों को संपादित करने की सीख देता है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि जहां कहीं भी कोई ऐसी बात है, जो सनातन धर्म के मार्ग में बाधक है। उन कमजोरियाें की पहचान करके समय रहते उसका उपचार करना होगा।

