सोनभद्र। जनपद में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से रविवार की रात पुलिस ने ऑपरेशन ‘ऑल आउट’ के तहत जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान की कमान खुद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संभाली। उन्होंने आधी रात को सड़कों पर उतरकर विभिन्न चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर चल रही चेकिंग का औचक निरीक्षण किया।

पूरी रात चला सघन चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) समेत सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। पूरी रात चले इस अभियान के दौरान: संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की कड़ाई से तलाशी ली गई।होटलों, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल ने गश्त की। अराजक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी दी गई।

ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नकेल
अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस सख्त नजर आई। ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई ताकि ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ की घटनाओं को रोका जा सके। एसपी अभिषेक वर्मा ने वाहन चालकों को हिदायत दी कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनपद में सुरक्षा का माहौल बनाए रखना और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करना हमारी प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के ऑपरेशन ‘ऑल आउट’ अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।”अभिषेक वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र इस अभियान से अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा रहा, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की है।

