बभनी (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के चपकी गांव में मंगलवार की सुबह एक बुजुर्ग का शव घर से करीब 200 मीटर दूर नाले के किनारे महुए के पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान चपकी गांव निवासी शिव भजन (पुत्र स्व. गोपाल) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बेऔलाद शिव भजन की देखभाल उनके भाई की बहू और परिवार के अन्य सदस्य करते थे। भाई की बहू सीता कुंवर ने बताया कि सोमवार की रात किसी बात को लेकर पड़ोसी से उनकी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह तनाव में थे। रात में खाना खाने के बाद वह सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह कमरे में न दिखने पर खोजबीन शुरू की गई, तो घर से कुछ दूरी पर नाले के पास उनका शव पेड़ से लटकता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही उप-निरीक्षक शिवमूरत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

