दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, चार घायल

बभनी/सोनभद्र (अरुण पांडेय)बभनी (सोनभद्र): थाना क्षेत्र के रेणुकूट-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर राजपूत ढाबा के पास सोमवार की रात करीब 11:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में संवरा गांव निवासी 65 वर्षीय विंध्याचल की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बभनी में भर्ती कराया गया।

मृतक ​विंध्याचल अपने 36 वर्षीय बेटे सुरेंद्र के साथ बभनी से दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर नधीरा गांव के रहने वाले दीनानाथ (19), शिवचरण (18) और लालचंद (23) बभनी की ओर जा रहे थे।

​टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कविंद्र यादव मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
​मंगलवार की सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़िए