रिपोर्ट — मदन मोहन नौगढ़ चंदौली –महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए चंदौली पुलिस का ‘मिशन शक्ति’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज थाना चकरघट्टा पुलिस द्वारा नौगढ़ क्षेत्र के मझगवां और लालतापुर गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
चकरघट्टा थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मझगवां और लालतापुर का दौरा किया। इस दौरान गांव की महिलाओं, बालिकाओं और स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 1090, 112, 181) के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, उन्हें किसी भी असुविधा या संकट के समय बिना किसी संकोच के पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस के इस जन-संवाद से गांवों में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ और स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।

