अनपरा/सोनभद्र : भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष/जिलाउपाध्यक्ष सरजू बैसवार ने सोनभद्र के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश में राज्य मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग) को ज्ञापन सौंपकर म्योरपुर ब्लॉक स्थित संयुक्त चिकित्सालय डीबुलगंज को ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को गांव, गरीब, वनवासी एवं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से आम जनता को व्यापक लाभ मिला है।
सरजू बैसवार ने बताया कि म्योरपुर ब्लाक क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत दूरस्थ एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां औद्योगिक परियोजनाओं, खनन गतिविधियों तथा भारी वाहनों के आवागमन के कारण सड़क दुर्घटनाओं एवं आकस्मिक घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ऐसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे समय की हानि होती है और कई बार मरीजों के जीवन पर संकट उत्पन्न हो जाता है।
उन्होंने कहा कि डीबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय पूरे क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यदि इसे ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित किया जाता है तो म्योरपुर, बभनी, बीजपुर, दुद्धी तथा आसपास के सुदूर वनवासी क्षेत्रों की लाखों जनता को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर डीबुलगंज संयुक्त चिकित्सालय को ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी। इससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

