शक्तिनगर (सोनभद्र) | सोनभद्र पुलिस ने एनसीएल खड़िया परियोजना क्षेत्र में हुई डीजल चोरी की बड़ी घटना का सफल अनावरण किया है। इस मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चोरी का 250 लीटर डीजल व घटना में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी बरामद की है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस चोरी में एनसीएल का ही एक सुरक्षा गार्ड मास्टरमाइंड निकला है।
गार्ड ने दी थी मशीनों की लोकेशन
पुलिस के अनुसार, 1 जून की रात खड़िया परियोजना में खड़ी डोजर मशीन से 250 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया था। पुलिस ने मामले में धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्त देवराज चौधरी ने खुलासा किया कि एनसीएल में कार्यरत गार्ड लाहौरी यादव ने ही उसे और उसके साथियों को फोन कर बुलाया था। गार्ड ने मशीनों की लोकेशन, सुरक्षा गार्डों की आवाजाही और डीजल चोरी करने का सही समय व रास्ता बताकर इस पूरी घटना में मदद की थी।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरदवा बस्ती, एनसीएल खड़िया स्टेडियम के पास संदिग्ध बोलेरो (UP 64 BT 5182) की घेराबंदी की। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर 7 गैलनों में भरा 250 लीटर डीजल बरामद हुआ। आरोपी देवराज चौधरी (निवासी रामगढ़, झारखण्ड) को मौके से ही दबोच लिया गया।
पुलिस की सख्ती जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेज दिया है। वहीं, चोरी में शामिल एनसीएल गार्ड लाहौरी यादव के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने पर उसके विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम अब गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
खुलासे में इनकी रही भूमिका
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, उ0नि0 सदाशिव राय, कांस्टेबल अमृत लाल, कमल और चालक मुनीश यादव शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने घटना का शीघ्र अनावरण करने पर टीम की प्रशंसा की है।

