सोनभद्र : के थाना जुगैल क्षेत्र में खेत विवाद ने एक महिला की जान ले ली। 7 जुलाई को ग्राम सभा जुगैल के टोला बेलगढ़ी में मथुरा और कलावती के बीच खेत की मेढ़ काटने और धान के बीज में पत्थर फेंकने को लेकर विवाद हुआ।
डॉक्टरों ने कैलाशी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में ही कैलाशी देवी की मृत्यु हो गई।
विवाद में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। एक तरफ मथुरा, उनकी मां कैलाशी और पत्नी निर्मला को चोटें आईं। दूसरी तरफ कलावती और उनके बेटे चंद्रमणि घायल हुए। घायलों को पहले सीएचसी चोपन ले जाया गया। वहां से कैलाशी देवी और निर्मला को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया। बाद में धारा 105 BNS की बढ़ोतरी की गई। 9 जुलाई को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें बबई (55), उनकी पत्नी कलावती (53), और उनके दो बेटे चंद्रमणि उर्फ धीरेंद्र (30) और विनोद (26) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

