सोनभद्र : पिपरी थाना क्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के पास सोमवार को एक टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतक पंकज कुमार (26) बैंकट मोड़ अनपरा के रहने वाले थे। दूसरे युवक सोनू मध्यप्रदेश के बासौरा के निवासी थे।
पंकज की दो साल की बेटी और सात महीने का बेटा है। दोनों युवक कुआरी गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान अनपरा की तरफ से आ रहे टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
पिपरी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टैंकर का पीछा किया। टैंकर को रेणुकूट में पकड़ लिया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों को हिंडाल्को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि परिजनों के आने के बाद शवों की शिनाख्त की जाएगी। मामले की जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

