मिर्जापुर : मड़िहान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। कावड़ियों के भेष में आटो सवार तीन शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़े। पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में बताया कि वे जलाभिषेक करने जाने वाले कावड़ियों के झुंड में भेष बदलकर शामिल होते थे।
चोर महंगी मोबाइल लेकर चलने वाले कावड़ियों के बगल में सोने का बहाना करते थे। फिर मौका देखकर मोबाइल व पैसा लेकर फरार हो जाते थे। चोरों के पास से 3200 रुपया नगद, एक सोने का लॉकेट और चोरी के आठ एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुए।
पकड़े गए चोर सोनभद्र जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सीओ आपरेशन मुनीन्द्र पाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में चोपन थाना क्षेत्र के धरिकार बस्ती निवासी राजेश कुमार, शाहगंज थाना क्षेत्र के औराही निवासी सरफराज और घोरावल थाना क्षेत्र के जुड़िया निवासी सुभाष शामिल हैं।
कार्रवाई करते हुए बाल अपचारी सरफराज को न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया। अन्य दो आरोपियों को जेल भेजा गया। पकड़े गए चोरों के आपराधिक इतिहास की जांच में राजेश कुमार के खिलाफ सोनभद्र जनपद के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और धारा 10 गुंडा एक्ट के मुकदमों में वांछित होना पाया गया।
इंस्पेक्टर बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

