चोपन पीआरबी-112 की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, स्कूल से लापता दो नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद

रॉबर्ट्सगंज से गायब हुई थीं बच्चियां, चोपन पुलिस ने तत्परता दिखाकर परिजनों को सौंपा, चहुंओर सराहना

सोनभद्र । जनपद में कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद सोनभद्र पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई। थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के एक स्कूल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो नाबालिग बच्चियों को चोपन पीआरबी-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस संवेदनशीलता और तेजी के कारण बच्चियां किसी बड़ी अनहोनी का शिकार होने से बच गईं। यह कामयाबी पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों पर नकेल कसने और आमजन की मदद के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिली है।

रॉबर्ट्सगंज में दर्ज था मुकदमा, चोपन में अलर्ट हुई पुलिस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (15 मई) को थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के एक स्कूल से दो नाबालिग बच्चियां अचानक गायब हो गई थीं। परिजनों की शिकायत पर रॉबर्ट्सगंज थाने में तत्काल गुमशुदगी का मुकदमा पंजीकृत कर खोजबीन शुरू की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले में अलर्ट जारी किया गया था।

यूपी-112 की टीम ने दिखाया सेवाभाव, घेराबंदी कर दबोचा

जैसे ही बच्चियों के गायब होने की सूचना चोपन क्षेत्र की यूपी-112 पीआरवी टीम को मिली, जवान तुरंत सक्रिय हो गए। पीआरबी-112 की चोपन पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत और त्वरित घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। बरामदगी के बाद कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए दोनों बच्चियों को अग्रिम व आवश्यक कार्रवाई हेतु सकुशल थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

परिजनों की आंखों में आए खुशी के आंसू, पुलिस का जताया आभार

बच्चियों के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही परेशान परिजनों की जान में जान आई। पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्यशैली से गदगद होकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने यूपी-112 की टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।

सोनभद्र पुलिस की अपील:

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सदैव सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति, अनहोनी की आशंका अथवा संदिग्ध परिस्थिति में बिना देर किए तत्काल यूपी-112 पर सूचना दें। आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए यूपी-112 की गाड़ियां 24 घंटे तत्पर हैं।

ये भी पढ़िए