(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। मिशन शक्ति-5 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत महिला थाना दुद्धी स्थित महिला परामर्श केंद्र की पहल से दो वर्षों से अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई। काउंसलिंग के बाद दोनों ने अपने मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने का फैसला किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में संचालित महिला परामर्श केंद्र में गुरुवार को दुद्धी क्षेत्र निवासी एक महिला अपने वैवाहिक विवाद को लेकर पहुंची। महिला ने बताया कि पारिवारिक मतभेद के कारण वह करीब दो वर्ष पहले अपने मायके, जिला रोहतास (बिहार) चली गई थी और तब से पति-पत्नी अलग रह रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विस्तार से काउंसलिंग की। समझाइश और संवाद के बाद पति-पत्नी ने आपसी मतभेद समाप्त कर पुनः साथ रहने की सहमति जताई। इसके बाद महिला अपने पति के साथ ससुराल लौटने के लिए तैयार हो गई, जबकि पति ने भी भविष्य में परिवार को साथ लेकर चलने का भरोसा दिया।
पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना भी है। सफल काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने महिला परामर्श केंद्र की टीम और पुलिस का आभार व्यक्त किया।

