सोनभद्र। नवागत क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने गुरुवार को दुद्धी थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा जनता की शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, भोजनालय एवं थाना परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही अपराध रजिस्टर, जनरल डायरी (जीडी), आगंतुक रजिस्टर और बीट रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन कर उनके अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।

उन्होंने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना-पत्रों तथा अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा विवेचनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीओ ने थाना परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा आमजन के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार कर पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के निर्देश दिए।

