वृद्धाश्रम में बुजुर्ग ने की आत्महत्या:बाथरूम में फंदे से लटकी मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

सोनभद्र : रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी स्थित एक वृद्धाश्रम में 65 वर्षीय राम जियावन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वृद्धाश्रम के केयरटेकर ने पुलिस को बताया कि राम जियावन का शव बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। वृद्धाश्रम में रह रही एक बुजुर्ग महिला ने सुबह करीब 4 बजे पानी लेने के दौरान बाथरूम में शव देखा था। शव सफेद धोती में लिपटा हुआ था।

राम जियावन अपनी पत्नी और सरहज के साथ कई वर्षों से इसी वृद्धाश्रम में रह रहे थे। वृद्धाश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्गों ने बताया कि मृतक सभी से प्रेम से बात करते थे। अन्य बुजुर्गों के मुताबिक, राम जियावन मानसिक रूप से परेशान रहते थे। पारिवारिक तनाव को उनकी परेशानी का कारण बताया जा रहा है, हालांकि उनकी पत्नी ने आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।

समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि उन्हें सुबह 9:07 बजे वृद्धाश्रम संचालक द्वारा घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया और उच्च अधिकारियों, जिसमें सीओ और डीएम शामिल हैं, से भी इस संबंध में बात की। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और आवश्यक जांच की।

ये भी पढ़िए