सोनभद्र: पुलिस की शह पर दबंगों का तांडव, ‘डायल 112’ भी बेबस; जमीन पर अवैध कब्जे से मचा हड़कंप

ओबरा (ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी स्थित गजराज नगर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगई का मामला सामने आया है। यहाँ पैसे के दम पर एक भू-माफिया द्वारा जबरन जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और आरोप है कि इस पूरी अवैध प्रक्रिया में स्थानीय पुलिस की सीधी संलिप्तता है।
पुलिस की मौजूदगी में ढहाया गया मकान
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रिक्की अग्रवाल नामक व्यक्ति ने अपने रसूख और पैसों के दम पर एक विवादित जमीन पर कब्जा करने का ताना-बाना बुना है। शुक्रवार को दिनदहाड़े दबंगों ने वहां मौजूद एक बने-बनाए मकान को तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही, जिस पर प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस-अपराधी गठजोड़ का सीधा आरोप लगाया है।
‘डायल 112’ ने भी खड़े किए हाथ
अवैध कब्जे और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए ‘डायल 112’ को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा तो लिया, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्होंने भी हाथ खड़े कर दिए और मूकदर्शक बनी रही। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस के इस रवैये से दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे कानून को अपने हाथ में लेकर खुलेआम निर्माण कार्य को अंजाम दे रहे हैं।
ओबरा इंस्पेक्टर पर मिलीभगत का आरोप
पीड़ित पक्ष का सीधा आरोप है कि इस पूरी घटना के पीछे ओबरा थाना इंस्पेक्टर का संरक्षण है। ग्रामीणों का दावा है कि इंस्पेक्टर के इशारे पर ही पुलिस न केवल अवैध कब्जे में सहयोग कर रही है, बल्कि पीड़ितों की फरियाद भी अनसुनी कर रही है। शिकायत करने पर उन्हें उल्टे धमकाए जाने की भी चर्चा है।
न्याय की आस में सहमे पीड़ित
बिल्ली मारकुंडी के गजराज नगर में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान नहीं लिया, तो क्षेत्र में इसी तरह भू-माफियाओं का कब्जा बढ़ता रहेगा और आम आदमी की संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?
इस संबंध में जब ओबरा इंस्पेक्टर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से करते हुए तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जा रुकवाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़िए