चौकी प्रभारी ने की आरोपी की पिटाई, शिकायत पर एसपी ने किया निलंबित

सोनभद्र : के कोन थाना क्षेत्र में एक मामले में पुलिस की कार्रवाई विवाद का कारण बन गई है। चकरिया चौकी प्रभारी सुनील कुमार को एक व्यक्ति की कथित पिटाई के मामले में निलंबित कर दिया गया है।

घटना पिंडारी गांव की है। यहां एक महिला का मोबाइल चोरी हो गया था। महिला ने पड़ोस के एक बालक पर चोरी का आरोप लगाया। इस मामले में गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान बालक के पिता ने उसे मारने की कोशिश की। जब मां ने बीच-बचाव किया तो उसकी भी पिटाई करने लगा।

गांव के चौकीदार ने जब मामला शांत करने की कोशिश की तो ओमप्रकाश निषाद ने उसे भी लाठी से पीट दिया। वही चौकीदार की शिकायत पर चौकी प्रभारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। वे ओमप्रकाश निषाद को चौकी ले गए। वहां उन्होंने ओमप्रकाश की पिटाई की और शांति भंग में चालान कर दिया।

रिहा होने के बाद ओमप्रकाश ने एसपी कार्यालय जाकर चौकी प्रभारी पर पिटाई का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुनील कुमार को निलंबित कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले की जांच एडिशनल एसपी अनिल सिंह को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि सुनील कुमार को केवल तीन सप्ताह पहले ही चौकी की जिम्मेदारी दी गई थी।

ये भी पढ़िए