(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र स्थित कोठा टोला के एक क्रेशर प्लांट में सोमवार को करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि बरसात के मौसम में क्रेशर प्लांटों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रमोद (40 वर्ष) पुत्र नवरत्न क्रेशर प्लांट में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। साथी मजदूरों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद क्रेशर प्लांट में कार्यरत मजदूरों में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों एवं श्रमिकों ने बरसात के मौसम को देखते हुए सभी क्रेशर प्लांटों में विद्युत सुरक्षा मानकों की जांच तथा श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

