रात के अंधेरे में सक्रिय पेट्रोल-डीजल चोर गिरोह, ओबरा में वाहन मालिकों की बढ़ी चिंता

गाड़ियों की पाइप काटकर टंकियां कर रहे खाली, पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल


(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल चोर गिरोह की सक्रियता ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वाहन मालिकों में दहशत का माहौल है, जबकि रात्रिकालीन पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
डाला रोड क्षेत्र में चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के सामने और बाउंड्री के भीतर खड़ी गाड़ियों को निशाना बना रहे हैं। वाहन की तेल पाइप काटकर टंकियों से पेट्रोल और डीजल चोरी कर लिया जा रहा है।
ताजा घटना में सेवानिवृत्त कर्मी सिरताज बली सिंह की मिनी बस से चोरों ने तेल पाइप काटकर डीजल चोरी कर लिया। वहीं, पुनर्वासी नामक व्यक्ति की बाउंड्री के अंदर खड़ी अर्टिगा कार की भी पाइप काटकर पूरी टंकी खाली कर दी गई।
लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि रात में प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोर इतने बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम नहीं दे पाते। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से चोर गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी, रात्रि गश्त बढ़ाने और प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा।

ये भी पढ़िए