रॉबर्ट्सगंज (अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र । आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी (CO) नगर रणधीर कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में धर्मगुरुओं, ताजियादारों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया।
नई परंपरा को न दें बढ़ावा: CO नगर
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने कहा कि पर्व को पुरानी परंपराओं के अनुसार ही मनाया जाए। उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि जुलूस के लिए निर्धारित मार्गों और समय का पालन करना अनिवार्य है।

सोशल मीडिया पर रखें पैनी नजर
क्षेत्राधिकारी ने सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक या किसी की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट साझा करने से बचें। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर उसे हवा देने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
व्यवस्था दुरुस्त रखने का आश्वासन
बैठक के दौरान ताजियादारों और स्थानीय लोगों ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं रखीं। सीओ नगर ने संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन हर स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करेगा।
पुलिस-जनता का आपसी सहयोग ही शांति की कुंजी
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित सभी धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक के माध्यम से सोनभद्र पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर सूचना दें।

