सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस पूरी तरह तैयार है। परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है।
08 से 10 जून तक होगी परीक्षा
जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 06 केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा आगामी 08, 09 और 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नोडल अधिकारी (पुलिस) व अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान एएसपी अनिल कुमार ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, गहन चेकिंग (फ्रिस्किंग), सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और कंट्रोल रूम के संचालन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यातायात प्रबंधन और परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
नकलविहीन परीक्षा पर जोर
केंद्र व्यवस्थापकों और तैनात पुलिस बल को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष और नकलविहीन बनाना पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतें ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
सोनभद्र पुलिस का कहना है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जा रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं ताकि मेधावी अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो सके।

