(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु बैठक में व्यापारियों, उद्यमियों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी ने किया। बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद सोनभद्र के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल ने व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखे। उन्होंने प्रत्येक माह व्यापारी कल्याण दिवस आयोजित करने, उत्कृष्ट जीएसटी करदाताओं एवं उद्यमियों को सम्मानित करने, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना की नियमित समीक्षा कराने, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों की निष्पक्ष जांच कराने तथा स्वास्थ्य संस्थानों की पारदर्शी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
बैठक में संगठन के प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन ने सभी प्रस्तावों का समर्थन करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिले के व्यापारिक एवं औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान संगठन के रोहित जायसवाल, गोपी सोनकर, रमाशंकर पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने सर्वसम्मति से प्रस्तुत प्रस्तावों का समर्थन करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

