साइबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति को मिली राहत, सोनभद्र साइबर क्राइम टीम ने पीड़ित के खाते में 33750 रुपये कराए वापस

सोनभद्र : राबर्ट्सगंज में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन मार्केट निवासी पवन कुमार जायसवाल के साथ धोखाधड़ी हुई। 29 जुलाई 2025 को अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें कॉल कर व्हाट्सएप पर एक फर्जी QR कोड भेजा। इस कोड को गूगल-पे पर स्कैन करने से उनके खाते से 35,750 रुपये निकल गए।

पीड़ित ने तुरंत चोपन थाने की साइबर टीम से संपर्क किया। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल साइबर पुलिस पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज की। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर साइबर टीम ने कार्रवाई शुरू की।

चोपन थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया और साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल सुनील कुमार की टीम ने NCRP पोर्टल से साक्ष्य जुटाए। संबंधित बैंक से ईमेल के जरिए संपर्क कर फ्रॉड की गई राशि को होल्ड कराया। 28 अगस्त 2025 को टीम ने 33,750 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

ये भी पढ़िए