(ऋषभ सिंह)सोनभद्र । आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधानसभा वार तैनात सेक्टर अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों तथा तहसीलदारों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 27 जून को सभी सेक्टर अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह जांच की जाए कि मतदान केंद्र के लिए चयनित भवन उपयुक्त स्थिति में है अथवा नहीं तथा वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों पर शौचालय, विद्युत आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क, भवन एवं कमरों की स्थिति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जहां किसी प्रकार की कमी या अव्यवस्था पाई जाए, वहां संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं का उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से भौतिक सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

