तस्करों के हौंसले बुलंद, स्कार्पियो से 306 लीटर शराब लेकर बिहार जा रहे थे तस्कर, दो गिरफ्तार

सोनभद्र : माची थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मांची थाना पुलिस ने बुधवार की देर शाम को मुखबिर की सूचना पर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। ये तस्कर स्कॉर्पियो गाड़ी में छिपाकर 306 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जा रहे थे।

पुलिस ने कुंहकू पथरकुआं गांव मोड़ से इन अभियुक्तों को पकड़ा। उनके कब्जे से 8 PM ब्रांड की 24 पेटी, इंपीरियल ब्लू की 4 पेटी, रॉयल स्टेज ब्रांड की 4 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और किंगफिशर ब्रांड की 3 पेटी बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 306 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश कुमार यादव (28 वर्ष), पुत्र विजय यादव, निवासी अधौरा, कैमूर भभुआ, बिहार और दिनेश शर्मा (20 वर्ष), पुत्र विजयमल शर्मा, निवासी खीरी, कैमूर भभुआ, बिहार के रूप में हुई है। वे एक स्कॉर्पियो गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे बैनी बाजार, सोनभद्र से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। बिहार चुनाव के मद्देनजर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से वे यह तस्करी कर रहे थे। दोनों मिलकर शराब बेचते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।

इस संबंध में मांची थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया।

ये भी पढ़िए