सोनभद्र: 28 साल से पुलिस की आँखों में धूल झोंक रहा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, छिपकर रह रहा था दूसरे थाना क्षेत्र में

सोनभद्र। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग 28 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी अपनी पहचान बदलकर दूसरे थाना क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।


28 साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे


पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर मुन्ना गुप्ता, पुत्र मुनमुन गुप्ता उर्फ झनमुन गुप्ता, निवासी बासी (थाना शक्तिनगर) है। पुलिस के अनुसार, मुन्ना गुप्ता पर शक्तिनगर थाने में हिस्ट्रीशीट (संख्या-78A) दर्ज है। वह करीब तीन दशक से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में माननीय न्यायालय से एन.बी.डब्ल्यू. (गैर-जमानती वारंट) जारी किए गए थे, लेकिन वह लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा।


तकनीकी सर्विलांस से खुला राज


पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को पुख्ता सुराग मिले कि आरोपी अपना मूल निवास छोड़कर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुसहा (नई बाजार) में रह रहा है। सूचना के बाद थाना शक्तिनगर की टीम ने तत्काल जाल बिछाया और दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका


इस कार्रवाई में शक्तिनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव और उनकी टीम के कांस्टेबल सत्यम कुमार सरोज, अमन कुमार सिंह तथा अरुण कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। सोनभद्र पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़िए